पीरीबाजार (लखीसराय). प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गाड़ी महेशपुर में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया. विद्यालय परिसर में डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. मौके पर शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला. शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. छात्र-छात्राओं की ओर से सभी शिक्षकों को उपहार और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे. विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक ही उनके जीवन को सही दिशा देते हैं और भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं.
शिक्षकों को किया गया सम्मानित
समारोह में शिक्षिका आभा कुमारी, ममता कुमारी, निशा सिन्हा, सोनम कुमारी, निधि कुमारी, कोरैशा खातून, नुजहत खातून, हिना यादव और शिक्षक मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार, बेनु ब्यास, प्रभात रंजन कुमार को सम्मानित किया गया. शिक्षकों ने विद्यार्थियों से डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने और शिक्षा के महत्व को समझने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षक-विद्यार्थी का रिश्ता सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. विद्यालय का माहौल उत्साहपूर्ण और भावनात्मक रहा. अंत में शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अनुशासन, मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की सीख दी.
