मेदनीचौकी (लखीसराय). प्रखंड के टाल क्षेत्र में शनिवार को हुई झमाझम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई. लंबे समय से पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण धान के बिचड़े की चिंता बढ़ गई थी, लेकिन लगातार हुई बारिश से खेतों में नमी लौट आई है. इससे धान के बिचड़े का विकास बेहतर होने लगा है और किसानों में उत्साह का माहौल है.
बारिश से धान के बिचड़े को मिला जीवनदान
Rain News: शनिवार सुबह से ही क्षेत्र में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही, जो देर शाम तक जारी रही. बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त नमी बनी हुई है. किसानों का कहना है कि यह वर्षा धान के बिचड़े के लिए बेहद लाभदायक साबित हुई है और अब उसकी बढ़वार तेज होगी.
सिंचाई की परेशानी से मिली राहत
किसान विजय यादव, महेंद्र महतो, सिकंदर यादव और हरिलाल मिस्त्री ने बताया कि बिचड़ा गिराने के समय पर्याप्त बारिश नहीं हुई थी. ऐसे में सिंचाई को लेकर चिंता बनी हुई थी. अब लगातार हुई बारिश के बाद कम से कम एक सप्ताह तक खेतों में नमी बनी रहेगी और अतिरिक्त सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी.
महंगा बिचड़ा बचने से बढ़ी उम्मीद
Rain News: किसानों ने बताया कि इस वर्ष धान का बिचड़ा ऊंची कीमत पर खरीदा गया था. यदि तेज धूप पड़ती रहती तो गर्मी के कारण बिचड़े को नुकसान पहुंच सकता था. लेकिन समय पर हुई बारिश से बिचड़े का जर्मिनेशन लगभग शत-प्रतिशत हुआ है और पौध पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं.
गर्मी से भी लोगों को मिली राहत
बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है. पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है. किसानों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी मौसम अनुकूल रहा तो इस बार धान की रोपनी समय पर पूरी होगी और बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ जाएगी.
