मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से कजरा क्षेत्र को नयी दिशा मिलने की उम्मीद

मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र के लोग इसी तरह की उम्मीदें लगाये बैठे हैं कि उनके नेतृत्व में कजरा को विकास की नई दिशा मिल सकेगी.

सीएम के आगमन से कजरा की विकास की बनने लगी संभावना

कजरा. स्थानीय थाना क्षेत्र में इन दिनों मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर एक नयी उम्मीद और उत्साह का माहौल बना हुआ है. लंबे समय बाद मुख्यमंत्री का कजरा आगमन होने जा रहा है, इसलिए क्षेत्र के लोग इस दौरे को केवल एक सरकारी कार्यक्रम के रूप में नहीं बल्कि विकास की संभावनाओं के रूप में देख रहे हैं. लोगों का मानना है कि अगर मुख्यमंत्री क्षेत्र की समस्याओं को करीब से समझेंगे, तो आने वाले समय में कजरा और सूर्यगढ़ा क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिल सकती है.

कजरा पहले से ही अपनी भौगोलिक स्थिति और प्राकृतिक संसाधनों के कारण विकास की संभावनाओं वाला क्षेत्र माना जाता है. यहां बन रहा बड़ा सोलर पावर प्रोजेक्ट पूरे इलाके के लिए नयी पहचान बन सकता है. अगर इस परियोजना के साथ स्थानीय उद्योग, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर भी जोड़े जाय, तो कजरा आने वाले समय में ऊर्जा और उद्योग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है. मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र के लोग इसी तरह की उम्मीदें लगाये बैठे हैं कि उनके नेतृत्व में कजरा को विकास की नई दिशा मिल सकेगी.

रोजगार और उद्योग की बड़ी जरूरत

कजरा और आसपास के इलाकों में रोजगार के अवसर सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है. गांव के कई युवा दिल्ली, पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में मजदूरी या छोटे काम करने के लिए जाते हैं. अगर स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, तो पलायन की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है.

कजरा में बन रहा बड़ा सोलर पावर प्रोजेक्ट क्षेत्र के लिए एक बड़ी संभावना लेकर आया है. इस परियोजना से न केवल बिजली उत्पादन बढ़ेगा बल्कि इसके आसपास कई सहायक उद्योग भी विकसित हो सकते हैं. अगर सरकार यहां छोटे और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दे, जैसे फूड प्रोसेसिंग यूनिट, डेयरी उद्योग, ईंट उद्योग या कृषि आधारित छोटे उद्योग, तो हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सकता है.

इसके साथ ही युवाओं के लिए स्किल ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना भी बेहद जरूरी है. अगर क्षेत्र में ही युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा, तो वे उद्योगों में काम करने के लिए तैयार हो पाएंगे. इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी.

कृषि और किसानों की चुनौतियां

कजरा और आसपास के अधिकांश गांवों में लोगों की आजीविका का मुख्य आधार खेती है. यहां के किसान धान, गेहूं, मक्का और अन्य फसलों की खेती करते हैं, लेकिन कई समस्याओं के कारण उन्हें अपनी मेहनत का पूरा लाभ नहीं मिल पाता. सबसे बड़ी समस्या सिंचाई की कमी है. कई जगहों पर किसान अभी भी बारिश पर निर्भर हैं, जिससे खेती की लागत और जोखिम दोनों बढ़ जाते हैं. इसके अलावा किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए उचित बाजार की सुविधा भी नहीं मिल पाती. कई बार किसानों को अपनी उपज कम दाम पर बेचनी पड़ती है, क्योंकि आसपास मंडी या भंडारण की सुविधा उपलब्ध नहीं होती. बिहार में कृषि विकास की एक बड़ी समस्या कमजोर बाजार व्यवस्था और फसल विविधीकरण की कमी भी है. अगर कजरा क्षेत्र में सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार किया जाय और आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा दिया जाय, तो खेती की उत्पादकता बढ़ सकती है. इसके साथ ही यहां मंडी और कोल्ड स्टोरेज की स्थापना होने से किसानों को अपनी फसल सुरक्षित रखने और बेहतर कीमत पर बेचने का अवसर मिलेगा. किसान प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें आधुनिक खेती, सब्जी उत्पादन और बागवानी की जानकारी भी दी जा सकती है.

———————————————————————————————————

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >