मक्का फसल की बर्बादी पर जिप सदस्य ने डीएम से की मुआवजे की मांग
मक्का फसल की बर्बादी पर जिप सदस्य ने डीएम से की मुआवजे की मांग
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
चक्रवाती तूफान व बारिश से किसान आर्थिक संकट में, ऋण माफी व त्वरित सर्वेक्षण की अपील
किशनगंज. जिला परिषद सदस्य नासिक नदीर ने जिलाधिकारी विशाल राज से मुलाकात कर जिले में चक्रवाती तूफान से हुई मक्का फसल की भारी क्षति हेतु मुआवजे के संबंध में एक आवेदन सौंपा है. जिप सदस्य ने डीएम को अवगत कराया कि बीते दिनों आए भीषण चक्रवाती तूफान व बेमौसम बारिश के कारण जिले के विभिन्न प्रखंडों में मक्का की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है. नासिक नदीर द्वारा डीएम को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वर्तमान में मक्का सीमांचल के किसानों की आय का मुख्य आधार है. मक्का फसल बर्बाद होने से यहां के किसान गहरे आर्थिक संकट में आ चुके हैं. स्थिति यह है कि किसान खाद व बीज के लिए लिए गए कर्ज को भी अदा करने की स्थिति में नहीं हैं. तूफान से फसलों को हुई क्षति से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान कर्ज के बोझ तले दब जाएंगे. किसानों के बीच एक नयी चिंता व्याप्त हो गयी है. जिप सदस्य ने अपने पत्र के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों में फसल क्षति का त्वरित सर्वेक्षण करवाकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. साथ ही उन्होंने यह भी अपील की है कि फसल लगाने के लिए जिन किसानों ने बैंकों या अन्य संस्थानों से ऋण लिया है, उनका ऋण माफ किया जाए ताकि उन्हें इस आपदा की घड़ी में राहत मिल सके.