दिघलबैंक चेक पोस्ट पर एसएसबी ने स्थापित की आधुनिक डीएफएमडी मशीन

दिघलबैंक चेक पोस्ट पर एसएसबी ने स्थापित की आधुनिक डीएफएमडी मशीन

नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर लगेगी लगाम, सहायक कमांडेंट प्रिय रंजन चकमा के नेतृत्व में हुई पहल

दिघलबैंक. सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को 12वीं वाहिनी एसएसबी के बी समवाय दिघलबैंक द्वारा एक बड़ी पहल की गयी. दिघलबैंक चेक पोस्ट पर आधुनिक डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन स्थापित की गयी है. इस महत्वपूर्ण सुरक्षा विस्तार का नेतृत्व सहायक कमांडेंट प्रिय रंजन चकमा के कुशल निर्देशन में किया गया.

अत्याधुनिक तकनीक से होगी सघन जांच

चेक पोस्ट पर लगाए गए इस अत्याधुनिक डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के माध्यम से अब भारत-नेपाल सीमा पर आने-जाने वाले व्यक्तियों की जांच और अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी. इस नयी व्यवस्था से सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, संदिग्ध वस्तुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा से संबंधित जोखिमों पर अंकुश लगाने में काफी मदद मिलेगी. अधिकारियों ने बताया कि अब आधुनिक तकनीक के प्रयोग से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आएगी.

सुरक्षा एसएसबी की सर्वोच्च प्राथमिकता

एसएसबी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए दिघलबैंक चेक पोस्ट पर डीएफएमडी मशीन लगायी गयी है, ताकि नेपाल सीमा से आने-जाने वाले लोगों की जांच अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की जा सके. सहायक कमांडेंट प्रिय रंजन चकमा ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऐसे आधुनिक उपकरण लगाए जाते हैं, जिससे आम नागरिकों को एक सुरक्षित वातावरण मिल सके.

जवानों ने किया मशीन का परीक्षण

स्थापना के दौरान ड्यूटी पर तैनात एसएसबी के जवानों द्वारा मशीन का तकनीकी परीक्षण किया गया तथा चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले लोगों की जांच प्रक्रिया का अभ्यास भी किया गया. स्थानीय लोगों ने एसएसबी के इस कदम की भरपूर सराहना की है. ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार की तकनीक आधारित व्यवस्था से क्षेत्र में सुरक्षा का भाव और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास दोनों मजबूत होंगे. एसएसबी के इस प्रयास से दिघलबैंक चेक पोस्ट पर निगरानी व्यवस्था पहले की तुलना में और अधिक सख्त हो गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >