सात निश्चय व अन्य योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, दिये कई निर्देश
सात निश्चय व अन्य योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, दिये कई निर्देश
By AWADHESH KUMAR | Updated at :
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने की नयी रणनीति तैयार
किशनगंज. जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में सात निश्चय एवं सात निश्चय-2 योजनाओं से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की गयी. विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति व उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, हर घर नल का जल (ग्रामीण एवं शहरी), सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट योजना व ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (ग्रामीण एवं शहरी) सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी. डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जाये व योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. हर घर नल का जल योजना के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों, विशेषकर पाइपलाइन लीकेज की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्य एजेंसी को अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया. साथ ही, बुडको को निर्देशित किया गया कि सभी लंबित लीकेज एवं तकनीकी त्रुटियों का निष्पादन पांच दिनों के अंदर सुनिश्चित करें. प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर योजनाओं की गुणवत्ता का सत्यापन किया जायेगा. बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.