किशनगंज : कोचाधामन थाना में बुधवार की रात उस समय पुलिस पदाधिकारियों में हलचल बढ़ गयी, जब पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार अचानक औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गये. इस दौरान एसडीपीओ मनोज कुमार भी मौजूद थे. एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित कांडों और अभिलेखों के रखरखाव की बारीकी से समीक्षा की.
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
एसपी ने थाना में लंबित कांडों की एक-एक कर समीक्षा की. उन्होंने जांच की प्रगति, लंबित मामलों के कारण और उनके निष्पादन में आ रही बाधाओं की जानकारी ली. इस दौरान थानाध्यक्ष और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.
सरिस्ता से लेकर मालखाने तक की जांच
औचक निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के सरिस्ता कक्ष में रखे दस्तावेजों और अभिलेखों की स्थिति का भी जायजा लिया. उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और दस्तावेजों के बेहतर संधारण को लेकर आवश्यक निर्देश दिये.
इसके बाद एसपी ने मालखाने का निरीक्षण किया. विभिन्न कांडों से संबंधित प्रदर्शों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव की जानकारी ली गयी. उन्होंने अधिकारियों को प्रदर्शों की सुरक्षा और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
एसपी ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर लंबित मामलों के निष्पादन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. समय पर कांडों का निष्पादन, अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण और मालखाने में रखे प्रदर्शों की सुरक्षा पुलिसिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. औचक निरीक्षण के बाद थाना अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर सतर्क किया गया है.
