शिवालय में तीन दिवसीय शिवलिंग स्थापना आयोजन संपन्न

शहर के वार्ड नंबर दो स्थित कजलामुनि चौक के समीप नवनिर्मित सार्वजनिक शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय शिवलिंग स्थापना का आयोजन सोमवार को संपन्न हो गया

किशनगंज शहर के वार्ड नंबर दो स्थित कजलामुनि चौक के समीप नवनिर्मित सार्वजनिक शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय शिवलिंग स्थापना का आयोजन सोमवार को संपन्न हो गया. समापन के उपरांत सामाजिक समरसता महाप्रसाद भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की. महोत्सव के प्रथम दिवस भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ नगर भ्रमण करती हुई मंदिर परिसर पहुंचीं. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा. द्वितीय दिवस भूमि पूजन एवं वैदिक रीति-रिवाज से यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन हुआ. आचार्यों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया गया. इसी क्रम में शिवलिंग की स्थापना की गई, जिससे मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा. तृतीय एवं अंतिम दिवस प्राण-प्रतिष्ठा विधि पूर्ण कर शिवालय को आम श्रद्धालुओं के लिए समर्पित किया गया. इसके पश्चात सामाजिक समरसता महाप्रसाद भोज का आयोजन हुआ. समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह संघचालक अमरचंद यादव बतौर सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे. उनके साथ मंदिर ट्रस्टी सह अध्यक्ष लक्खन पासवान, उपसचिव सह स्थानीय वार्ड पार्षद अशोक पासवान, सचिव डॉ. शिवनाथ महत्तो तथा कोषाध्यक्ष सूरज कुमार पासवान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे. अपने संबोधन में अमरचंद यादव ने कहा कि सार्वजनिक शिवालय की स्थापना से क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव एवं समरसता को नई दिशा मिलेगी. मंदिर ट्रस्टी सूरज कुमार पासवान ने बताया कि इस स्थल पर पूर्व में ‘शैलेश मंदिर’ स्थित था, जिसका जीर्णोद्धार लंबे समय से अपेक्षित था. यह कार्य तब संभव हो सका जब स्थानीय रैयत छतीश माधव ने एक कट्ठा भूमि दान स्वरूप प्रदान की. इसके बाद समाज के लोगों ने सामूहिक सहयोग से धन संग्रह कर मंदिर निर्माण कार्य प्रारंभ किया. मंदिर निर्माण एवं आयोजन में राजेश पासवान, मुकेश कुमार, महेश पासवान, खजूआ देवी, मृदुला देवी एवं उमा देवी की सक्रिय भूमिका रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >