निर्माणाधीन कल्वर्ट के पास मिला युवक का जला हुआ शव

निर्माणाधीन कल्वर्ट के पास मिला युवक का जला हुआ शव

नृत्यशाला गांव के पास हाईवे किनारे वारदात, पहचान मिटाने के लिए शव को जलाने की आशंका

टेढ़ागाछ. मटियारी पंचायत के नृत्यशाला गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. यहां एक निर्माणाधीन पुल के नीचे अर्धनिर्मित कल्वर्ट के पास एक अज्ञात युवक का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद किया गया है. शव की स्थिति इतनी वीभत्स है कि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल व्याप्त हो गया है.

ग्रामीणों ने दुर्गंध आने पर देखा शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए जा रहे थे, तब निर्माणाधीन हाईवे के किनारे उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई. नजदीक जाकर देखने पर वहां एक जला हुआ शव पड़ा मिला. यह दृश्य देख ग्रामीणों के होश उड़ गए व देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गयी. घटना की सूचना तुरंत टेढ़ागाछ थाना पुलिस को दी गयी.

पहचान मिटाने की सुनियोजित साजिश

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष एमडी इजहार आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया. प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है. शव के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल बरामद नहीं हुआ है, जिससे जांच और अधिक जटिल हो गयी है. आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहाँ लाकर जलाया गया है ताकि उसकी पहचान न हो सके.

फॉरेंसिक टीम करेगी जांच

थानाध्यक्ष मो इजहार आलम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है. पुलिस आसपास के गांवों में लापता युवकों की जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस रहस्यमयी घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस ने भरोसा जताया है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >