खगड़िया. शहर में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में नगर परिषद क्षेत्र के बलुआही में अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण की शुरुआत की गयी. सोमवार को 6.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक बस स्टैंड का शुभारंभ किया गया. शिलान्यास सांसद राजेश वर्मा ने नारियल फोड़कर किया. जबकि सांसद व सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, नगर सभापति अर्चना कुमारी, नगर उपसभापति शबनम जबीन, उपसभापति प्रतिनिधि मो. शहाबुद्दीन, नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुरुआत किया. मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित और सुगम होगी. उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी. बताया जाता है कि अत्याधुनिक बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी. इसमें बेहतर प्रतीक्षालय, यात्री बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे हजारों यात्रियों एवं आम लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगी. बताया जाता है कि बलुआही बस स्टैंड लंबे समय से अव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था. यात्रियों को बारिश, धूप और जाम की समस्या के साथ-साथ साफ-सफाई की कमी का सामना करना पड़ता था. अब आधुनिक बस स्टैंड निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में खुशी का माहौल है. सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि खगड़िया शहर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. आने वाले समय में कई अन्य विकास योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जाएगा. सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि शहर के विकास के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना बेहद जरूरी है. बस स्टैंड निर्माण उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाना है. कहा कि आधुनिक बस स्टैंड लंबे समय से लोगों की मांग थी. अब इसे धरातल पर उतारने का कार्य शुरू कर दिया गया है. यह केवल बस स्टैंड निर्माण कार्य नहीं, बल्कि खगड़िया के भविष्य को नई दिशा देने की शुरुआत है. इससे यात्रियों, व्यवसायियों और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. नगर सभापति ने बताया कि कार्यक्रम के अगले चरण में नगर परिषद की मुख्य सड़क, जिसे पहले मील रोड के नाम से जाना जाता था. उसका नाम परिवर्तित कर “महाराजा अग्रसेन मार्ग” किए जाने के उपरांत उसका विधिवत लोकार्पण एवं उद्घाटन किया गया. मौके पर सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल, लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, युवा भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला परिषद सदस्य रजनीकांत कुमार, जेडीयू नेता नीतीश सिंह, आर्किटेक्ट शुभम कुमार, कांग्रेस नेता नवीन कुमार, राजीव कुमार चौहान, सांसद निजी सचिव विकास कुमार, अमरजीत राठौड़, जदयू नेता संदीप केडिया, अलौली विधानसभा सांसद प्रतिनिधि ग्याधर यादव, लोजपा नेता रामप्रीत कुमार आदि मौजूद थे.
6.5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक बलुआही बस स्टैंड, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
6.5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक बलुआही बस स्टैंड, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
