खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट.
Power Cut Alert: गोगरी शहर के कई इलाकों में लगातार केबल जलने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को देखते हुए विद्युत विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. जर्जर तार और क्षतिग्रस्त केबल बदलने के लिए शुक्रवार को सुबह 10 बजे से कार्य पूरा होने तक बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया गया है. विभाग का कहना है कि नए केबल लगने के बाद उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिलेगी.
इन इलाकों में प्रभावित रहेगी बिजली आपूर्ति
शिरनियाँ पावर सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले जमालपुर मेन बाजार, मुश्कीपुर कोठी, सिनेमा हॉल रोड और गोरैयाबथान इलाके में शुक्रवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. विभागीय अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी को आवश्यक संसाधनों और मानव बल के साथ केबल बदलने का निर्देश दिया है, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके.
केबल में आग लगने की घटनाओं से बढ़ी परेशानी
बीते कई महीनों से शहर के विभिन्न हिस्सों में केबल जलने और आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं. इसके कारण न केवल बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, बल्कि राहगीरों और दुकानदारों के लिए भी खतरा पैदा हो गया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर ट्रांसफार्मर के लोड के अनुरूप केबल नहीं लगाए गए थे, जिससे ओवरलोडिंग के कारण बार-बार केबल जल रहे थे.
अब लोड के अनुसार लगाए जाएंगे नए केबल
विद्युत विभाग ने निर्णय लिया है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता और भार को ध्यान में रखते हुए डबल सर्किट सिस्टम विकसित किया जाएगा. इसके तहत उच्च क्षमता वाले नए केबल लगाए जाएंगे, जिससे भविष्य में ओवरलोडिंग और तकनीकी खराबियों की संभावना कम होगी. अधिकारियों का दावा है कि इस कार्य के पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और सुरक्षित होगी.
गर्मी में बढ़ी उपभोक्ताओं की चिंता
भीषण गर्मी के बीच दिनभर बिजली बंद रहने की सूचना से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी और रखरखाव किया गया होता तो इतनी बड़ी समस्या उत्पन्न नहीं होती. कई उपभोक्ताओं ने विभाग से निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा कर जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है.
विभाग ने सुधार का दिया भरोसा
विद्युत विभाग का कहना है कि यह कार्य उपभोक्ताओं की सुविधा और बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी और भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी.
Also Read: गोपालगंज के लालाछापर कांड के मुख्य आरोपी के पता बताने पर दिया जाएगा लाखों का इनाम
