दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, घर से निकाला

पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा तीन लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ना की गई. विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट की और घर से निकाल दिया.

पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

खगड़िया के गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट:

गोगरी थाना क्षेत्र के शेरगढ़ में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट एवं प्रताड़ना का मामला सामने आया है. पीड़िता ने महिला थाना खगड़िया में पति, सास, भैसुर एवं जेठानी समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

पीड़िता नेहा कुमारी, पसराहा थाना क्षेत्र के देवठा निवासी चितरंजन दास की पुत्री एवं शेरगढ़ निवासी रितेश कुमार की पत्नी हैं. महिला थाना में दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि उनकी शादी 12 दिसंबर 2023 को शेरगढ़ निवासी रामविलास दास के पुत्र रितेश कुमार के साथ हुई थी.

पीड़िता के अनुसार शादी के समय उनके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार एक लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, बर्तन सेट एवं अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया था.

शादी के बाद वह ससुराल में पति के साथ रहने लगीं और इसी दौरान उन्होंने एक पुत्री को जन्म दिया. आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति रितेश कुमार, सास कलावती देवी, भैसुर विकास दास, मुकेश दास, जेठानी नीतू देवी एवं अन्य परिजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा.

पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा तीन लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर उनके साथ मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ना की गई. विरोध करने पर सभी ने मिलकर मारपीट की और घर से निकाल दिया.

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दोबारा ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दी गई है.

इधर महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >