खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट.
Khagaria Power Cut News: खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड में तकनीकी खराबी के कारण सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक बिजली आपूर्ति ठप रही. भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग पूरी रात परेशान रहे. बिजली कटने से सैकड़ों परिवारों को अंधेरे और गर्मी में रात गुजारनी पड़ी.
स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 11 बजे अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. सुबह करीब 6 बजे बिजली बहाल हुई, लेकिन दो घंटे बाद फिर आपूर्ति बंद हो गई और करीब 10 बजे जाकर स्थिति सामान्य हुई. इस दौरान विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी देखी गई.
पंखे-कूलर बंद, रातभर नहीं आई नींद
बिजली नहीं रहने के कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण पूरी रात बंद रहे. उमस भरी गर्मी के कारण लोग घरों में नहीं टिक सके और देर रात तक छतों, आंगनों और सड़कों पर टहलते नजर आए.
स्थानीय निवासी गंगेश कुमार, आशीष कुमार और पप्पू कुमार ने बताया कि रातभर बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत ज्यादा खराब रही.
पानी का संकट भी बना परेशानी
बिजली आपूर्ति बाधित रहने का असर पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ा. कई घरों में मोटर नहीं चल पाने के कारण पानी की समस्या उत्पन्न हो गई. लोगों का कहना है कि बिजली संकट के कारण सुबह की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं.
राहुल कुमार, सरफराज आलम और सुनील कुमार मिश्रा सहित कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग समय पर बिल वसूली तो करता है, लेकिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है.
तकनीकी खराबी बनी वजह
बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सुपर ग्रिड बीरबास से झंझरा और शिरनियां पावर सब स्टेशन तक बिजली लाइन में इंसुलेटर और तार में पंचर जैसी तकनीकी खराबी आ गई थी. इसी कारण रात में बिजली आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई.
विभागीय कर्मियों ने बताया कि तकनीकी टीम ने पूरी रात मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी.
लोगों ने मांगी जवाबदेही
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि तकनीकी खराबी थी तो विभाग को समय रहते उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी. लोगों ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए त्वरित सूचना प्रणाली और बेहतर रखरखाव व्यवस्था की मांग की है.
नागरिकों ने बिजली विभाग से कटौती के कारणों का विस्तृत खुलासा करने और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने की अपील की है.
