खेत में बकरी जाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल

खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत पौरा थाना क्षेत्र में खेत में बकरी चले जाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट:

बकरी हटाने के दौरान शुरू हुआ विवाद, लाठी-डंडों से किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना पौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में घटित हुई. घटना के संबंध में घायल मनोज यादव ने बताया कि उनकी बकरी चरते हुए पास के एक खेत में चली गई थी. जब वे अपनी बकरी को खेत से हटाने के लिए वहाँ पहुंचे, तभी दूसरे पक्ष के फागो यादव और उनके पुत्र ने आव देखा न ताव और सीधे गाली-गलौज शुरू कर दी. मनोज यादव द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर मारपीट होने लगी.

मारपीट में ये लोग हुए घायल, गांव में अफरा-तफरी का माहौल

इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के तीन लोग लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान कुशेश्वर यादव के पुत्र मनोज यादव, मनोज यादव के पुत्र अविनाश कुमार और पंकज यादव की पत्नी ललिता देवी के रूप में की गई है. अचानक हुई इस खूनी मारपीट से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

सीएचसी प्रभारी ने किया प्राथमिक उपचार, महिला सदर अस्पताल रेफर

चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मुस्तैद सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टर के अनुसार, घायल मनोज यादव और अविनाश कुमार की स्थिति खतरे से बाहर है और उनका इलाज सीएचसी में ही चल रहा है. हालांकि, जख्मी महिला ललिता देवी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया है.

इधर, घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच गांव में भारी तनाव व्याप्त है. स्थानीय पुलिस को मामले की लिखित सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस घटना की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया में जुट गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >