खगड़िया : जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में नगर परिषद की सभापति अर्चना कुमारी ने नगर क्षेत्र से जुड़े कई जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने अवैध मिट्टी खनन, सरकारी जलस्रोतों पर अतिक्रमण, जर्जर विद्युत पोल, स्टेशन रोड पर घटिया फेवर ब्लॉक निर्माण और नगर परिषद कार्यालय से आरटीपीएस सेवाएं शुरू करने की मांग करते हुए संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की.
बैठक में सभापति ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध मिट्टी खनन के कारण नवीन निर्मित शवदाह गृह के आसपास भारी मिट्टी कटाव हो गया है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है. उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की.
उन्होंने नगर क्षेत्र के सरकारी जलस्रोतों पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाते हुए संबंधित विभाग से अतिक्रमण हटाने और जलस्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
सभापति ने जर्जर विद्युत पोलों को आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए बिजली विभाग से शीघ्र सर्वे कर सभी क्षतिग्रस्त पोल बदलने का आग्रह किया.
स्टेशन रोड पर लगाए गए फेवर ब्लॉक की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने तथा दोषी एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
साथ ही उन्होंने नगर परिषद कार्यालय से आरटीपीएस सेवाएं शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे नगरवासियों को विभिन्न प्रमाणपत्रों और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेगा.
