खगड़िया से राज किशोर सिंह की रिपोर्ट
Cyber Fraud Alert: जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां डॉक्टर की जानकारी खोजने के दौरान एक महिला साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई. गंगौर बेला सिमरी गांव निवासी राजलक्ष्मी हीरा झा ने जस्टडायल पर डॉक्टर का नाम सर्च किया था. इसी दौरान एक फर्जी लिंक सामने आया, जिसे खोलते ही उनके खाते से करीब तीन लाख रुपये की निकासी हो गई. घटना के बाद पीड़िता ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ साइबर थाना खगड़िया में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है.
फेंक लिंक ने खाली कर दिया बैंक खाता
जानकारी के अनुसार राजलक्ष्मी हीरा झा किसी डॉक्टर की जानकारी प्राप्त करने के लिए इंटरनेट पर खोज कर रही थीं. इसी दौरान जस्टडायल पर डॉक्टर के नाम से एक लिंक दिखाई दिया. महिला ने जैसे ही उस लिंक को खोला, उसके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे. हालांकि उन्होंने किसी भी ओटीपी को स्वीकार नहीं किया, लेकिन कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना यूपीआई एप खोला तो खाते से राशि कटने की जानकारी मिली.
चार ट्रांजेक्शन में उड़ाए गए करीब 3 लाख रुपये
पीड़िता के अनुसार साइबर अपराधियों ने उनके खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2 लाख 99 हजार 951 रुपये निकाल लिए. पैसा अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया. रकम कटने की जानकारी मिलने के बाद वह तुरंत बैंक पहुंचीं, लेकिन तब तक खाते से पूरी राशि निकल चुकी थी.
साइबर क्राईम का नया तरीका बना चिंता का विषय
विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर अपराधी अब फर्जी वेबसाइट, नकली बिजनेस प्रोफाइल और सर्च रिजल्ट में दिखाई देने वाले लिंक के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं. कई बार लोग बिना जांच-पड़ताल के ऐसे लिंक खोल लेते हैं और उनकी निजी बैंकिंग जानकारी अपराधियों तक पहुंच जाती है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन और ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. साथ ही साइबर थाना खगड़िया में कांड संख्या 19/26 के तहत मामला दर्ज कराया गया है. साइबर थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राशि किन खातों में ट्रांसफर की गई है.
Also Read: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक
