खगड़िया में 5 बीघा मक्का में लगाई गई आग, रातभर मची अफरा-तफरी, दमकल ने बड़ी तबाही टाली

Beldaur Fire Incident: खगड़िया में दबंगों पर हथियार के बल पर आग लगाने का आरोप, धू-धू कर जलने लगी 5 बीघा जमीन में फैली फसल अवशेष, गांव में तनाव

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट

Beldaur Fire Incident: खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंगी पंचायत में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब लगभग 5 बीघा में फैले मक्का के ठठेरा में अचानक आग लग गई. पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंगों ने हथियारों के बल पर फसल अवशेष में आग लगा दी. आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना गोंगी पंचायत के वार्ड संख्या-2 की बताई जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार देर रात खेतों से उठती आग की लपटें देखकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने की कोशिश में जुट गए.

आग की लपटों से दहशत, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

आग लगते ही आसपास के खेतों तक इसके फैलने का खतरा पैदा हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. साथ ही अग्निशमन विभाग और पुलिस को भी सूचना दी गई.

कुछ ही देर में दमकल की टीम और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया. समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास के अन्य खेतों तक फैलने से रोक लिया गया.

Beldaur Fire Incident: पुरानी रंजिश में आगजनी का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव की पुरानी दुश्मनी के कारण कुछ दबंगों ने जानबूझकर मक्का के ठठेरा में आग लगाई. उनका कहना है कि आरोपित हथियारों से लैस होकर पहुंचे थे और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए.

हालांकि पुलिस अभी सभी आरोपों की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है.

जांच में जुटी पुलिस, नुकसान का होगा आकलन

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं प्रशासन आग से हुए आर्थिक नुकसान का भी आकलन करा रहा है. ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

Also Read : बिहार में पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में बड़ा खुलासा, सारण से प्राप्त 566 आवेदन में सिर्फ 258 को ही मिला ऋण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >