बीस सूत्री की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये.
प्रखंड कार्यालय सभागार में बीस सूत्री समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा ने की. प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अमित आर्य, विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज ठाकुर, कोढ़ा थाना से एसआई विवेक विक्रम सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता
वार्ड पार्षद अमित कुमार, कोढ़ा अंचल के प्रधान लिपिक संजीव झा, नगर पंचायत कोढ़ा से विभाष कुमार एवं अन्य कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए. बैठक के दौरान मनोज सिंह कुशवाहा ने सभी विभागों के अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता है. प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कई योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है. कुछ योजनाओं में सुधार की जरूरत है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. बीपीआरओ प्रियंका कुमारी ने पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से योजनाओं के क्रियान्वयन को और मजबूत किया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की दी गयी जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ अमित आर्य ने क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी दी. बताया कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज ठाकुर ने बिजली आपूर्ति की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य जारी है. बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग से संबंधित सुझाव और समस्याएं रखीं. इस पर अध्यक्ष ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.