राजमहल-कटिहार-बायसी-बहादुरगंज तक नए एक्सप्रेस वे का सांसद ने दिया प्रस्ताव

पूर्णिया सांसद राजेश रंजन ने नई दिल्ली में एनएचएआई के सदस्य अनिल चौधरी से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने, नए एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने तथा धार्मिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ने की मांग की.

एनएचएआइ के साथ एक्सप्रेसवे व राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांसद ने की चर्चा

कटिहार से रिपोर्ट

कोशी-सीमांचल क्षेत्र को देश के प्रमुख राज्यों और आर्थिक गलियारों से जोड़ने की मांग करते हुए पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने नई दिल्ली में एनएचएआई के सदस्य अनिल चौधरी से मुलाकात की. इस उच्चस्तरीय बैठक में क्षेत्र की सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने, नए एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने तथा धार्मिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को आधुनिक सड़क नेटवर्क से जोड़ने की मांग की. बैठक के दौरान सांसद पप्पू यादव ने राजमहल (झारखंड) से गंगा नदी पार कर कटिहार, प्राणपुर, डगरुआ और बायसी होते हुए बहादुरगंज तक एक नए एक्सप्रेस वे के निर्माण का प्रस्ताव रखा. यह एक्सप्रेस वे आगे गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा. जिससे सीमांचल, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन और व्यापार को नई गति मिलेगी. इसके अलावा उन्होंने कोढ़ा-कटिहार-मालदा राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की मांग भी रखी. ताकि बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क और अधिक सुगम हो सके.

राजमहल-बहादुरगंज एक्सप्रेस वे को पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जोड़ने का भी दिया सुझाव

सांसद ने पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे को मुरलीगंज से जोड़ने, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस वे को सिमराही से बाबा सिंहेश्वर स्थान तक विस्तारित करने तथा प्रस्तावित राजमहल-बहादुरगंज एक्सप्रेस वे को पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जोड़ने का सुझाव भी दिया. उन्होंने कहा कि बाबा सिंहेश्वर स्थान पूर्वी भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. इसे राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ना क्षेत्रीय पर्यटन और धार्मिक आस्था दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. पप्पू यादव ने कहा कि मजबूत कनेक्टिविटी ही विकास की आधारशिला है. बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, उद्योग, कृषि, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे. उन्होंने बताया कि कुरसेला, नवगछिया, नवलाल चौक, हरदा और कोढ़ा में ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है. टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.

परियोजनाओं के पूरा होने झारखंड, बंगाल, असम व उत्तर प्रदेश से बिहार की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

पूर्णिया, डगरुआ और बैसी को जोड़ने वाले नए राष्ट्रीय राजमार्ग की दिशा में भी सकारात्मक प्रगति हुई है. सांसद ने बैठक को बेहद सकारात्मक बताते हुए कहा कि एनएचएआइ सदस्य अनिल चौधरी ने इन प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया है. पप्पू यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पूर्णिया, कटिहार, कोशी और सीमांचल क्षेत्र पूर्वी भारत के विकास मानचित्र पर नई पहचान बनायेंगे और झारखंड, बंगाल, असम तथा उत्तर प्रदेश से उनकी कनेक्टिविटी अभूतपूर्व रूप से मजबूत होगी. उन्होंने दोहराया कि उनका लक्ष्य कोशी-सीमांचल के किसी भी इलाके को विकास की मुख्यधारा से पीछे नहीं रहने देना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >