Kaimur News: चैनपुर थाना क्षेत्र के डुमरकोन गांव के बधार में मंगलवार की दोपहर धान की रोपनी कर रही एक 50 वर्षीय महिला पर आकाशीय बिजली गिर गयी. हादसे में महिला गंभीर रूप से झुलस गयी. आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ लाया गया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया. झुलसी महिला की पहचान डुमरकोन गांव निवासी बिंदु यादव की 50 वर्षीय पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है.
धान की रोपनी के दौरान अचानक बदला मौसम
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर पार्वती देवी गांव के बधार स्थित अपने खेत में धान की रोपनी कर रही थीं. उनके साथ आसपास की अन्य महिलाएं भी कृषि कार्य में लगी हुई थीं. इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गयी. बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली महिला के ऊपर गिर गयी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गयी. घटना के बाद खेत में काम कर रही अन्य महिलाओं ने इसकी सूचना परिजनों को दी.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और पार्वती देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ लेकर आए. यहां चिकित्सकों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया. सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार महिला खेत में धान की रोपनी कर रही थी. बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह झुलस गयी है. महिला को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है.
