Kaimur News : ग्राम पंचायत सिसौड़ा के बहपुरा गांव में बीती रात अचानक लगी आग से तीन परिवारों के घरों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया. देखते ही देखते आग ने सदन बिंद, सोहन बिंद एवं ललन बिंद के घरों को अपनी चपेट में ले लिया. अगलगी की घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी.
कपड़े, बिस्तर और नकद रुपये समेत जरूरी सामान जला
अग्निकांड में घरों में रखा कपड़ा, बिस्तर, पंखा, नकद रुपये समेत दैनिक उपयोग का अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया. आग की चपेट में आने से सोहन बिंद की एक भैंस भी झुलस गयी. घटना में तीनों परिवारों को भारी आर्थिक क्षति होने की बात सामने आ रही है.
ग्रामीणों ने प्रयास कर आग पर पाया काबू
आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया. ग्रामीणों के प्रयास से आग को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक तीनों परिवारों के घरों में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था.
मुखिया ने मौके पर पहुंचकर लिया क्षति का जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद सिसौड़ा पंचायत के मुखिया प्रदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और अगलगी से हुई क्षति का जायजा लिया. उन्होंने घटना की जानकारी संबंधित कर्मचारी के साथ-साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं रामगढ़ थानाध्यक्ष को दी.
Also Read : दिनारा के वार्ड 8 और 9 में जलजमाव से नारकीय स्थिति, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग
सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का दिया भरोसा
मुखिया ने पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता एवं मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने की बात कही. उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया.
Also Read : सासाराम: पॉक्सो मामले में फरार आरोपियों के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार
अगलगी के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने का संकट
अग्निकांड के बाद तीनों पीड़ित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गयी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उचित मुआवजा देने की मांग की है.
Also Read : दिनारा के वार्ड 8 और 9 में जलजमाव से नारकीय स्थिति, गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग
