कैमूर: ऑटो में नशीला पदार्थ सुंघाकर छात्रा के अपहरण का प्रयास, कूदकर बचाई जान

कैमूर जिले में एक छात्रा नशाखुरानी गिरोह का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गई. डमी एडमिट कार्ड लेने विद्यालय गई छात्रा को ऑटो में नशीला पदार्थ सुंघाकर अपहरण की कोशिश की गई, लेकिन वह समझदारी से ऑटो से कूदकर भाग निकली. इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है.

Kaimur News : कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत राम दुलारी जगदीप उच्च विद्यालय, बहुआरा की इंटर द्वितीय वर्ष की एक छात्रा नशाखुरानी गिरोह के चंगुल में फंसते-फंसते बच गई. छात्रा ने आरोप लगाया है कि डमी एडमिट कार्ड लेकर घर लौटने के दौरान ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं और चालक ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर तथा इंजेक्शन देकर कथित रूप से अपहरण का प्रयास किया. हालांकि बीच रास्ते में चेतना लौटने पर छात्रा ऑटो से भाग निकली और अपनी जान बचाने में सफल रही. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

डमी एडमिट कार्ड लेने गई थी विद्यालय

जानकारी के अनुसार, करजाव गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा मंगलवार को राम दुलारी जगदीप उच्च विद्यालय, बहुआरा में इंटर का डमी एडमिट कार्ड लेने गई थी. विद्यालय पहुंचने पर उसे एडमिट कार्ड नहीं मिला. इसके बाद वह दोपहर करीब एक बजे घर लौटने के लिए एक सीएनजी ऑटो पर सवार हो गई. ऑटो में पहले से ही तीन महिलाएं बैठी हुई थीं.

करजाव पहुंचने पर भी नहीं रोका ऑटो

छात्रा के मुताबिक, जब ऑटो करजाव गांव पहुंचा तो उसने चालक से वाहन रोकने को कहा, लेकिन चालक ने ऑटो नहीं रोका. इसी दौरान तीनों महिलाओं ने अचानक उसे पकड़ लिया, उसके हाथ बांध दिए और नाक पर कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया. नशीला पदार्थ सूंघते ही वह अचेत होने लगी. छात्रा का यह भी आरोप है कि बाद में उसे नशे का इंजेक्शन भी दिया गया.

चेतना लौटते ही ऑटो से कूदकर बचाई जान

अचेत अवस्था में छात्रा को हाटा पेट्रोल पंप के समीप ले जाया गया. वहां ऑटो में बैठी महिलाएं किसी काम से बाजार की ओर चली गईं. इसी बीच छात्रा को कुछ चेतना आई तो उसने मौका देखकर ऑटो से छलांग लगा दी और वहां से भाग निकली. इसके बाद वह सिरिहिरा गांव जाने वाली एक अन्य ऑटो में बैठकर अपनी बहन के ससुराल पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी.

सीएचसी से सदर अस्पताल किया गया रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही बहन के ससुराल वालों ने छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांद में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, भभुआ रेफर कर दिया. इलाज के बाद छात्रा की हालत में तेजी से सुधार बताया जा रहा है.

पुलिस ने छात्रा से पूछताछ शुरू की

बुधवार को छात्रा की तबीयत में सुधार होने पर परिजन उसे लेकर चांद थाना पहुंचे. पुलिस ने छात्रा से घटना की विस्तृत जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ऑटो चालक तथा उसमें बैठी तीन महिलाओं की पहचान और तलाश में जुटी है.

सतर्क रहने की अपील

थानाध्यक्ष भागीरथ कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ऑटो चालक और महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, अनजान लोगों से खाने-पीने की कोई वस्तु न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet kr patel

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >