Kaimur News : स्थानीय शारदा ब्रजराज +2 उच्च विद्यालय के सभागार में बुधवार को 32वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस, इंस्पायर अवार्ड मानक योजना एवं विद्यार्थी विज्ञान मंथन विषय पर विज्ञान शिक्षकों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला दो शिफ्टों में संपन्न हुई. प्रथम शिफ्ट में रामगढ़, नुआंव और दुर्गावती प्रखंड के विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया, जबकि द्वितीय शिफ्ट में मोहनियां और कुदरा प्रखंड के शिक्षक शामिल हुए.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा अभियान) अभिषेक कुमार, साइंस फॉर सोसाइटी, कैमूर की जिला समन्वयक डॉ. कमला सिंह, संभाग प्रभारी एसएसए मृत्युंजय कुमार शर्मा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में हरेंद्र कुमार आंबेडकर भी उपस्थित रहे. कार्यशाला की अध्यक्षता डॉ. कमला सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने किया.
'निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार' रहा मुख्य विषय
कार्यशाला में बताया गया कि 32वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय "निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार" है. इसके अंतर्गत कचरा प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, भोजन, कृषि एवं स्वास्थ्य तथा भारतीय ज्ञान प्रणालियों के उपयोग जैसे पांच प्रमुख उप-विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं कैमूर के छात्र
डॉ. कमला सिंह ने बताया कि बाल विज्ञान कांग्रेस कार्यक्रम वर्ष 1993 से लगातार संचालित हो रहा है. उन्होंने कहा कि कैमूर जिले के चार छात्र राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जो जिले के लिए गौरव की बात है.
शिक्षकों को प्रतियोगिताओं के लिए किया गया प्रेरित
कार्यशाला में डॉ. काम्या सुभाष और विक्टर ने बाल विज्ञान कांग्रेस का प्रशिक्षण दिया. वहीं श्वेता सुरभि एवं राजेश कुमार सिंह ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना की जानकारी दी, जबकि दीपक प्रकाश ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन पर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया. तकनीकी सहयोग में मो. खुर्शीद आलम और चंद्रमणि सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम में शिक्षकों को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना विकसित करने तथा विभिन्न विज्ञान प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया गया.
