कैमूर में सावन की पहली सोमवारी पर मुंडेश्वरी धाम में उमड़ी भक्तों की भीड़, एक लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन की पहली सोमवारी पर कैमूर के मुंडेश्वरी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने पंचमुखी महादेव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

Kaimur News : श्रावण मास की पहली सोमवारी पर कैमूर जिले के विश्व प्रसिद्ध माता मुंडेश्वरी धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सूर्योदय के साथ ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया. भक्तों ने माता मुंडेश्वरी के दर्शन के साथ गर्भगृह में विराजमान पंचमुखी महामंडलेश्वर महादेव का जलाभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना की. मंदिर के पुजारियों के अनुसार, देर शाम तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया.

पंचमुखी महादेव के जलाभिषेक को उमड़ी भीड़

श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन की पहली सोमवारी पर पंचमुखी महादेव के दर्शन और जलाभिषेक से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोहतास के गुप्ताधाम महादेव में जलाभिषेक करने के बाद मुंडेश्वरी धाम पहुंचे. कैमूर और आसपास के क्षेत्रों के शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही.

देश की सुख-समृद्धि के लिए हुआ विशेष रुद्राभिषेक

धार्मिक न्यास समिति की ओर से देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर पंचमुखी महामंडलेश्वर महादेव का विशेष रुद्राभिषेक कराया गया. प्रधान पुजारी उमेश मिश्रा और पुजारी मुकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न कराई. पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा.

श्रद्धालुओं के लिए रही व्यापक व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए धार्मिक न्यास समिति ने पेयजल, कतारबद्ध दर्शन, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं. समिति के सचिव अशोक कुमार सिंह ने धाम परिसर का निरीक्षण कर दर्शनार्थियों और कांवरियों की सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सड़कों पर लगा वाहनों का लंबा जाम

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. भगवानपुर थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. भभुआ के एकता चौक, पटेल चौक, जयप्रकाश चौक से लेकर भगवानपुर और मोकरी-बेतरी मार्ग तक दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. बिहार सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िये और श्रद्धालु मुंडेश्वरी धाम पहुंचे. मंदिर के आसपास प्रसाद, पूजन सामग्री और फूल-माला की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >