Kaimur News : भभुआ सदर अस्पताल की चहारदीवारी के समीप स्थित शहीद अंतू राम के स्मारक को नगर प्रशासन द्वारा हटाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए लोगों में आक्रोश है. रविवार को नाई धर्मशाला समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर नगर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध जताया.
शहीदों के स्मारकों को संरक्षित करने की मांग
नाई धर्मशाला समिति के अध्यक्ष किशोरी ठाकुर ने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए लोगों के स्मारकों को संरक्षित और सम्मानित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1942 को शहीद हुए अंतू राम के स्मारक को हटाना उचित नहीं है.
Also Read : बक्सर में बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, प्रभारी सचिव ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
नाला निर्माण की खुदाई के बीच आ रहा स्मारक
बताया गया कि शहर में नाला निर्माण के लिए नगर प्रशासन की ओर से सदर अस्पताल की चहारदीवारी के समीप खुदाई करायी जा रही है. इसी क्रम में खुदाई वाले स्थान के बीच शहीद अंतू राम का स्मारक आ रहा है. समिति के सदस्यों का आरोप है कि स्मारक को हटाने के लिए जेसीबी का इस्तेमाल किया जा रहा था.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे समिति के सदस्य
स्मारक हटाये जाने की जानकारी मिलने के बाद नाई धर्मशाला समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध किया. सदस्यों ने प्रशासन से स्मारक को सुरक्षित रखने की मांग की. साथ ही स्मारक के लिए उचित स्थान निर्धारित कर वहां गेट का निर्माण कराने की मांग की गयी.
Also Read : चौसा में श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भक्त प्रह्लाद की कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु
स्मारक हटाने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि शहीद अंतू राम के स्मारक को तोड़ने या हटाने का प्रयास किया गया, तो इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति से जुड़े स्थलों का संरक्षण प्रशासन की जिम्मेदारी है.
विरोध में कई लोग रहे मौजूद
विरोध जताने वालों में विनोद कुमार शर्मा, सुदर्शन शर्मा, राम आशीष शर्मा, विंध्याचल शर्मा, त्रिवेणी शर्मा, गोपाल शर्मा, दीपक कुमार, विकास कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे.
Also Read : पुराना भोजपुर में तीन घंटे गुल रही बिजली, वायर बॉक्स में आग के बाद ट्रांसफार्मर में भी आयी खराबी
