मोहनिया से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट
मोहनिया (कैमूर).
शहर के सर्विस सड़क किनारे चल रहे नाला निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है. निर्माणस्थल पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किये गये हैं. बिना घेराबंदी के ही कई फीट गहरे गड्ढे खोद दिये गये हैं, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है. बताया जाता है कि इसी लापरवाही का शिकार एक दिव्यांग वृद्ध व्यक्ति हुआ, जो संतुलन बिगड़ने के कारण गड्ढे में गिरकर घायल हो गया.स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत कराया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है. न तो चेतावनी बोर्ड लगाये गये हैं और न ही बैरिकेडिंग की गयी है.
