Kaimur News : कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड के मेउड़ा गांव में जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण ग्रामीणों का जीवन मुश्किल हो गया है. गांव की मुख्य सड़क पर नाली का गंदा पानी और कीचड़ पसरा रहने से लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
सड़क पर बहता है नाली का पानी
ग्रामीणों के अनुसार गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का पानी सीधे मुख्य सड़क पर बहता है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जबकि गर्मी के मौसम में भी सड़क पर नाली का पानी जमा रहता है. इससे सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है.
रोज हो रहे हादसे, स्कूल जाने में भी दिक्कत
पैक्स अध्यक्ष छट्ठू पासवान, रामचंद्र पासवान, संजय पासवान और रविंद्र रौशन ने बताया कि सड़क पर फैले पानी और कीचड़ के कारण आए दिन राहगीर और बाइक चालक फिसलकर घायल हो जाते हैं. ग्रामीण अजित शर्मा, गीता देवी और सुनील कुमार ने कहा कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी काफी परेशानी होती है और हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है.
वार्ड सदस्यों ने भी मानी समस्या
वार्ड संख्या आठ के सदस्य अनीश कुमार और देवमुनी राम ने बताया कि गांव में नाली निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. इसी कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.
कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द नाली निर्माण और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिल सके.
