Kaimur News : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मुठानी के समीप गुरुवार को एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे युवक ने अचानक एक दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में दुकानदार घायल हो गया. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
दुकान पर खड़े थे मनोज, तभी हुआ हमला
घायल दुकानदार की पहचान मुठानी गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मनोज कुमार अपनी दुकान पर खड़े थे. इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर उनके पेट पर हमला करने का प्रयास किया. बचाव के दौरान उन्होंने हाथ आगे कर दिया, जिससे चाकू उनके हाथ में लग गया और वे घायल हो गए.
आक्रोशित लोगों ने युवक को पकड़कर पीटा
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. गुस्साए लोगों ने हमलावर युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं घायल दुकानदार मनोज कुमार का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही घटना के कारणों और युवक की मानसिक स्थिति की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
