Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन घायल को लेकर चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया.
चार लोगों पर मारपीट का आरोप
घायल की पहचान लोदीपुर निवासी स्व. रामकेश्वर पांडेय के पुत्र राधेश्याम पांडेय के रूप में हुई है. राधेश्याम पांडेय ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर गांव के ही दो पुरुष और दो महिलाओं पर मारपीट करने का आरोप लगाया है.
पत्नी को बचाने पहुंचने पर भी हुई मारपीट
आवेदन में राधेश्याम पांडेय ने बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर राज किशोर पांडेय और गोपाल पांडेय उनके साथ गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी गुड़िया देवी के साथ भी आरोपित पक्ष की महिलाओं ने मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गईं.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
