Kaimur Road Accident (विनोद कुमार सिंह): कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. यहां बरैथा गेट के पास बुलेट बाइक और ऑटो (टेंपो) के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, इस दुर्घटना में महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (बनारस) रेफर किया गया है. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है.
देवर के साथ बाइक से बक्सर जा रही थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के भटौली गांव निवासी प्रकाश कुमार राय की 21 वर्षीय पत्नी क्षमा देवी के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक उसका देवर मनीष कुमार है. बताया जाता है कि शुक्रवार को क्षमा देवी अपने देवर मनीष के साथ बुलेट बाइक पर सवार होकर बक्सर जा रही थीं. जैसे ही उनकी बाइक मोहनिया थाना क्षेत्र के बरैथा मोड़ के पास पहुँची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टेंपो से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई.
Also Read: कैमूर में दो अलग-अलग हादसों का कहर, महिला के सिर और हाथ में लगी गंभीर चोट, तड़पती हालत में भभुआ रेफर
टक्कर के बाद खाई में पलटा टेंपो, मौके पर ही थमीं सांसें
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जाकर पलट गया. वहीं, टक्कर लगते ही बाइक सवार महिला उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसका देवर खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत इलाज के लिए रेफरल अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.
Kaimur News: घायल देवर वाराणसी रेफर, परिजनों में मचा कोहराम
रामगढ़ अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल देवर मनीष कुमार की चिंताजनक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे तुरंत वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. इस खौफनाक हादसे की खबर जैसे ही भटौली गांव में मृतका के परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
