कर्मनाशा से मैनुद्दीन शाह की रिपोर्ट :
Kaimur Muharram News : दुर्गावती थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बुधवार को पुलिस ने मोहर्रम पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर फ्लैग मार्च निकाला. इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों से शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाए जाने की अपील की.
इन प्रमुख इलाकों में गश्त
सुरक्षा के मद्देनजर यह फ्लैग मार्च दुर्गावती बाजार, छाता, करारी, सावठ, कोट्सा, मंसूरपुर, डूमरी, आदर्श नुआंव, चेहरियां, महमुदगंज, खजुरा, सरैयां आदि गांवों में निकाला गया. इस मार्च को देखकर ग्रामीणों के बीच सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा.
प्रशासनिक अधिकारियों के नेतृत्व में मार्च
यह फ्लैग मार्च थानाध्यक्ष गिरीश कुमार और अंचलाधिकारी सदानंद कुमार के नेतृत्व में निकाला गया. इस विशेष फ्लैग मार्च में थानाध्यक्ष और अंचलाधिकारी के साथ दर्जनों पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए.
खलल डालने वालों पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहर्रम पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है. प्रशासन हर हाल में शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराएगा. थानाध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : कैमूर में सड़क पर उतरीं आशा कार्यकर्ता; बोलीं- ‘दाम नहीं तो काम नहीं, दूसरे दिन भी जारी रहा हड़ताल
