कैमूर : कुदरा में रात होते ही चोरों का खेल शुरू, 17 दिनों में चोरी की 3 वारदातें, पुलिस पर उठे सवाल

कुदरा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी दहशत है। पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर उठ रहे हैं गंभीर सवाल।

कुदरा थाना क्षेत्र में अगस्त की शुरुआत से चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. दुकानों और गोदामों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों, नगरवासियों और व्यवसायियों में डर का माहौल है. लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस की रात की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

गोदाम से 40 क्विंटल सरिया चोरी

एक अगस्त को पछाहगंज स्थित एक गोदाम से करीब 42 क्विंटल सरिया में से लगभग 40 क्विंटल सरिया गायब होने का मामला सामने आया था. बैलोडी गांव निवासी गौतम कुमार ने सरिया की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई थी. उन्होंने कुदरा थाना में आवेदन देकर चोरी की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की थी.

मोबाइल दुकान में शटर काटने की कोशिश

इसके अगले ही दिन, 2 अगस्त की रात कुदरा बाजार के वार्ड संख्या-15 स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी का प्रयास किया गया. चोर ने दुकान का ताला और शटर काटने की कोशिश की. सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध करीब डेढ़ घंटे तक कटर मशीन से शटर और ताला काटने का प्रयास करता दिखाई दिया.

आवाज और चिंगारी देखकर भागा चोर

कटर मशीन की आवाज और उससे निकल रही चिंगारी पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ गई. इसके बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की थी.

ज्वेलर्स समेत कई दुकानों में चोरी

अब 17 अगस्त की देर रात लालापुर वार्ड संख्या-2 में आलोक ज्वेलर्स समेत आसपास की दुकानों में चोरी की घटना सामने आई है. दुकान संचालक के अनुसार करीब पांच से सात लाख रुपये के आभूषण और अन्य सामान चोरी हुए हैं. इस घटना के बाद इलाके के दुकानदारों की चिंता और बढ़ गई है.

तीन नकाबपोश चोरों का दिखा फुटेज

घटना के सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश संदिग्ध दिखाई देने की बात सामने आई है. चोरों ने दुकानों के ताले तोड़ने के साथ सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए थे. पीड़ित की ओर से कुदरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है.

पुलिस गश्ती पर उठ रहे सवाल

लगातार चोरी की घटनाओं के बाद कुदरा के व्यवसायियों और नगरवासियों में पुलिस की रात की गश्ती को लेकर नाराजगी बढ़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि 112 पुलिस की गश्ती और पुलिस की सक्रियता के दावों के बावजूद चोरी की घटनाएं रुक नहीं रही हैं.

रात में घंटों चोरी, फिर भी नहीं लगी भनक

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर रात में नियमित और प्रभावी गश्ती होती तो चोरों को दुकानों के ताले और शटर काटने का इतना समय नहीं मिलता. कुदरा बाजार जैसे व्यस्त इलाके में चोर घंटों चोरी का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पुलिस को समय रहते इसकी जानकारी नहीं मिल पा रही है.

17 दिनों में 3 घटनाएं, पुलिस के हाथ खाली

अगस्त के पहले 17 दिनों में चोरी और चोरी के प्रयास की 3 घटनाएं सामने आने से कुदरा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है. लगातार हो रही घटनाओं से चोरों के बढ़ते हौसले और पुलिस की गश्ती व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinod kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >