कैमूर : कुदरा में बारिश ने खोली सड़क की पोल, जलजमाव से बने गहरे गड्ढे में गिर रहे ई-रिक्शा और बाइक सवार

कुदरा-भभुआ मुख्य सड़क पर भारी बारिश के कारण जलजमाव से बड़े गड्ढे बन गए हैं। राहगीर और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

जिला मुख्यालय भभुआ जाने वाली कुदरा-भभुआ मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के पास जलजमाव से गहरा गड्ढा बन गया है. इससे छोटे वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो और बाइक सवार आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.

जलजमाव से सड़क पर बना गहरा गड्ढा

पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर लगातार जलजमाव रहने से सड़क का हिस्सा ध्वस्त होकर गड्ढे में तब्दील हो गया है. बड़े वाहन तो किसी तरह निकल जा रहे हैं, लेकिन छोटे वाहनों के लिए यह रास्ता खतरनाक बन गया है. लोगों के अनुसार, आए दिन वाहन गड्ढे में जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं.

कैमूर : मोहनिया अस्पताल की एंबुलेंस सेवा खस्ताहाल, दो खराब और चारों के टायर जर्जर

मूसलाधार बारिश से सड़क बनी नदी

सोमवार की रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद कुदरा की मुख्य सड़क समेत नगर पंचायत क्षेत्र की कई सड़कों पर जलजमाव हो गया. सड़क पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को यह पता नहीं चल पा रहा था कि कहां समतल सड़क है और कहां गड्ढा. इससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया.

दो किलोमीटर क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या

कुदरा नगर पंचायत का पश्चिमी क्षेत्र कुदरा बाजार से काझारघाट गांव तक फैला है. जिला मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक आवासीय क्षेत्र है. घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए सड़क किनारे का ही सहारा है, जिससे बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा हो जाता है.

जलजमाव वाले सड़क के गड्ढे में पलटा ऑटो | Prabhat Khabar Network

नाला नहीं होने से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मुख्य सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन है, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान उचित नाला नहीं बनाया गया. इसके कारण घरों का पानी भी सड़क पर बहता है. बरसात में पानी का बहाव बढ़ने से सड़क के निचले हिस्सों में जलजमाव हो जाता है और सड़क धीरे-धीरे टूटकर गड्ढे में बदल रही है.

जलजमाव से हादसे और जाम का खतरा

सड़क पर बने गड्ढों और जलजमाव के कारण दुर्घटना के साथ-साथ सड़क जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है. वाहन चालकों को पानी के बीच गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है.

नगर पंचायत और पीडब्ल्यूडी के बीच फंसी शिकायत

जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कुदरा नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी. नगर पंचायत कार्यालय की ओर से इसे पीडब्ल्यूडी के अधीन सड़क बताते हुए कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग का हवाला दिया गया. ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर इस बदहाल सड़क से आवागमन करने को मजबूर हैं. विभागीय रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

कैमूर में ईद-मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर सुरक्षा का कड़ा पहरा, संवेदनशील इलाकों में तैनात होगा अतिरिक्त बल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतेंद्र सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >