Kaimur News : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौना और सेमरिया गांव में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी के दौरान चार लोगों को बिना वैध कनेक्शन के अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया. विभाग ने चारों पर कुल ₹2,00,804 का जुर्माना लगाते हुए चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
कनीय विद्युत अभियंता शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों गांवों में कुछ लोग अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे हैं. सूचना के आधार पर टीम गठित कर छापेमारी की गई.
बिना कनेक्शन के चल रही थी सिंचाई
सबसे पहले बढ़ौना गांव निवासी राज नारायण सिंह के कृषि परिसर की जांच की गई. यहां बिना वैध विद्युत कनेक्शन के साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के निम्न विभव तार में सिंगल तार जोड़कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था. इस मामले में विभाग ने ₹50,201 के राजस्व नुकसान का आकलन किया.
इसके बाद सेमरिया गांव में अवधेश सिंह, कुंवर सिंह और रामजनम चौधरी के कृषि परिसरों की जांच की गई. तीनों बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग कर खेतों की सिंचाई करते पाए गए. विभाग ने प्रत्येक पर ₹50,201 का जुर्माना लगाया.
चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
विद्युत विभाग ने चारों आरोपितों पर कुल ₹2,00,804 का आर्थिक दंड निर्धारित करते हुए बिजली चोरी अधिनियम के तहत चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
वैध कनेक्शन लेने की अपील
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से करें. बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा.
