Kaimur News : सावन माह की पहली सोमवारी पर सोमवार को रामपुर प्रखंड के सभी प्रमुख शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसरों में लगी रहीं. भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की. सुबह पांच बजे मंदिरों के कपाट खुलते ही "हर-हर महादेव", "बोल बम" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया. झमाझम बारिश ने मौसम को और सुहावना बना दिया, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया.
कैलाश गिरी से लेकर बुढ़वा महादेव तक उमड़ी भीड़
प्रखंड के नौहट्टा स्थित लगभग 500 फीट ऊंची कैलाश गिरी बडवा पहाड़ी पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहाड़ी की चढ़ाई कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया. वहीं बेलाव, सबार के प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर, झाली, बहेरी पसाई, अकोढ़ी बसिनी सहित दर्जनों छोटे-बड़े शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही, भांग, धतूरा, बेलपत्र और फल-फूल अर्पित कर भोलेनाथ की पूजा की. कई मंदिरों में विशेष रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया.
बुढ़वा महादेव मंदिर में पानी की किल्लत बनी परेशानी
सबार गांव के शिवनगर स्थित प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, लेकिन पानी की कमी के कारण विशेषकर महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर परिसर में लगा समरसेबल बिजली नहीं रहने से बंद पड़ा था. वहीं दो सरकारी चापाकलों में एक गायब है और दूसरा खराब होने के कारण पेयजल की समस्या बनी रही. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मंदिर परिसर में शीघ्र चापाकल लगाने की मांग की.
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली. श्रद्धालुओं के शांतिपूर्ण दर्शन और सुचारु पूजा-अर्चना के लिए पूरे दिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे. दिनभर शिवालयों में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा.
