Kaimur News : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर बाजार में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को भागने की कोशिश के दौरान घेरकर दबोच लिया. मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
गिरफ्तार युवक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के चंदा गांव निवासी मुन्ना राम के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि धीरज कुमार काफी देर से शराब के नशे में बाजार में लोगों के बीच हंगामा कर रहा था. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
भागने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने दबोचा
पुलिस को देखते ही युवक मौके से भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से उसे चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया गया. इसके बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना लाया गया.
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि
पुलिस ने आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर मेडिकल जांच कराई. जांच रिपोर्ट में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
