Chainpur New BDO Kaimur : कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शुभम प्रकाश के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में प्रखंड स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी. इसी दौरान नव पदस्थापित बीडीओ अभिषेक यादव ने चैनपुर प्रखंड का विधिवत प्रभार ग्रहण किया.
Kaimur News : अधिकारियों ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख ने की. इस अवसर पर बीपीआरओ काशीनाथ, सीओ आमिर अजीम, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उमेश सिंह, बीईओ अंशु कुमार, आरओ बब्बन पाल, स्वास्थ्य प्रबंधक अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने शुभम प्रकाश को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया.
बेहतर कार्यशैली और समन्वय की हुई सराहना
वक्ताओं ने कहा कि शुभम प्रकाश ने अपने कार्यकाल में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके सरल स्वभाव, प्रशासनिक दक्षता और जनहित के प्रति समर्पण की सभी ने प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
नए बीडीओ का किया गया स्वागत
समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं, आवास सहायकों, पंचायत कर्मियों तथा प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों ने भी भाग लिया. सभी ने नव पदस्थापित बीडीओ अभिषेक यादव का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और प्रखंड के विकास कार्यों को गति देने की उम्मीद जताई.
