Kaimur News: चैनपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 में मस्जिद के चबूतरे पर बैठकर घर की महिला सदस्यों के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के विरोध के बाद मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में पिता-पुत्र घायल हो गये. दोनों का इलाज सदर अस्पताल भभुआ में कराया जा रहा है. घायल मुशर्रफ अंसारी (22), पिता आस मोहम्मद अंसारी, निवासी वार्ड नंबर 11, चैनपुर ने पुलिस को दिये आवेदन में घटना की जानकारी दी है.
टिप्पणी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
मुशर्रफ अंसारी ने आवेदन में बताया कि मोहल्ले के कुछ युवक मस्जिद के चबूतरे पर बैठकर उनके घर की महिला सदस्यों के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे थे. इसका विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. मुशर्रफ ने आरोप लगाया कि कौसर खान, पिता अकबर खान, सरवर खान, पिता अकबर खान, आरयान खान, पिता जावेद खान समेत अन्य लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया.
पिता भी हुए घायल
घटना के दौरान मुशर्रफ के पिता आस मोहम्मद अंसारी, जिनकी उम्र करीब 75 वर्ष बतायी गयी है, भी घायल हो गये. घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा.
आवेदन मिलने के बाद होगी प्राथमिकी
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि थाने में अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. घायल द्वारा आवेदन दिये जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
