Kaimur News : कैमूर जिले रामपुर प्रखंड की अमांव पंचायत में पैक्स समिति के पुनर्गठन को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है. अध्यक्ष पद के लिए पांच और सामान्य सदस्य पद के लिए 23 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था. दो दिनों तक चली नामांकन पत्रों की जांच के बाद सामान्य सदस्य पद के एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द कर दिया गया.
कागजात में त्रुटि मिलने पर नामांकन रद्द
पंचायत सरकार भवन, बेलांव के सभाकक्ष में निर्वाचन पदाधिकारी सह सीओ अनु कुमारी की देखरेख में गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की छंटनी की गई. इस दौरान सामान्य सदस्य पद के प्रत्याशी लालजी दुबे का नामांकन पत्र कागजात में त्रुटि पाए जाने के कारण रद्द कर दिया गया. इसके बाद अब अध्यक्ष पद के पांच और सामान्य सदस्य पद के 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं.
25 जुलाई को नाम वापसी और चुनाव चिन्ह का आवंटन
निर्वाचन पदाधिकारी सह सीओ अनु कुमारी ने बताया कि 25 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसी दिन सभी वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, जिसके बाद चुनाव प्रचार तेज हो जाएगा. छंटनी प्रक्रिया के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट अमन कुमार, निर्वाचन कर्मी रामाशीष कुमार, विजय कुमार शुक्ल, भीम कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे.
1 अगस्त को मतदान, उसी दिन आएगा परिणाम
अमांव पंचायत में पैक्स चुनाव के लिए मतदान 1 अगस्त 2026 को कराया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन बेलांव पंचायत सरकार भवन में मतगणना होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जबकि संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
गांव में बढ़ी चुनावी सरगर्मी
पैक्स चुनाव को लेकर पंचायत में चुनावी माहौल गर्म हो गया है. प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांग रहे हैं. वहीं मतदाता किसानों के हित में काम करने वाले और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवार को चुनने की बात कर रहे हैं.
