Kaimur News : कंटेनर में पीछे से स्कॉर्पियो टकरायी, तीन की मौत, सात रेफर

जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर चिपली गांव के समीप गुरुवार की सुबह में करीब 4:30 बजे सड़क पर खड़े कंटेनर में पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो घुस गयी.

कर्मनाशा. जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-19 पर चिपली गांव के समीप गुरुवार की सुबह में करीब 4:30 बजे सड़क पर खड़े कंटेनर में पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो घुस गयी. घटना में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गये और स्काॅर्पियो सवार महिला समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गयी. जबकि, सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतकों में झारखंड के जिला जमशेदपुर आजादनगर ग्राम अंसार नगर निवासी आबूदीन अंसारी के पुत्र मुस्लिम अंसारी 45 वर्ष, जाफर अली अंसारी के पुत्र मुन्ना अंसारी 45 वर्ष व उमर अंसारी की पत्नी रजिया खातून 56 वर्ष दोनों रोहतास जिला थाना अगरेर ग्राम नेकरा के निवासी बताये जाते हैं. घायलों में नसीम अंसारी पिता आस मोहम्मद 45 वर्ष, मुस्कान परवीन पति नसीम अंसारी 40 वर्ष दोनों रोहतास जिला थाना नासरीगंज ग्राम तुर्कवलिया निवासी और फातिमा खातून पिता अनवर अली 15 वर्ष, हाजरा खातून पति इम्तियाज 40 वर्ष, आमिर अंसारी पिता इम्तियाज 12 वर्ष, उमर अंसारी पिता पीर मोहम्मद 62 वर्ष व अशरफ अंसारी पिता अनवर अंसारी 30 वर्ष सभी रोहतास जिला, अगरेर थाना अंतर्गत नेकरा गांव के निवासी बताये जाते हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज भेज दिया है. वहीं, सभी घायलों को भभुआ से ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है. चीख पुकार से आसपास के लोगों की जुटी भीड़ रोहतास जिले के तुर्कवलिया व नेकरा गांव से स्कॉर्पियो संख्या जेएच 01 टी 0642 पर करीब 10 की संख्या में सवार होकर महिलाएं, बच्चे व पुरुष दरगाह पर जियारत करने यूपी जा रहे थे. दुर्गावती थाना क्षेत्र के चिपली गांव के समीप एनएच 19 पर दक्षिणी लेने में पहले से सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर के पीछे तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो सीधे घुस गयी. हादसा इतना जबर्दस्त था कि काफी दूर तक इसकी आवाज सुनायी दी. घटना में स्कॉर्पियो के परखचे उड़ गये. स्कॉर्पियो सवार यात्रियों के चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी और घटना की जानकारी पर एनएचएआइ व दुर्गावती पुलिस मौके पर पहुंच गयी. हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि पिता-पुत्र समेत सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. काफी मशक्कत के बाद घायलों को स्कॉर्पियो से बाहर निकालकर स्थानीय अस्पताल दुर्गावती लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें भभुआ, फिर वहां से भी इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया. इधर, घटना की जानकारी दुर्गावती पुलिस द्वारा मृतक व घायल के परिजनों को दी गयी. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया. लोग भागे-भागे अपने निजी संसाधनों से घटनास्थल पर पहुंचे. इधर, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी है. कहते हैं थानाध्यक्ष दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि दुर्गावती थाना क्षेत्र के चिपली गांव के समीप एक कंटेनर में पीछे से स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी है. घटना में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हुई है तथा अन्य सात लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है. तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >