Kaimur News : कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत पौरा गांव में एक परिवार 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के साये में रहने को मजबूर है. गांव निवासी श्री साह के घर के आंगन के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन को बांस के सहारे टिकाकर रखा गया है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है. परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी दहशत में हैं.
बांस के सहारे टिकी हाईटेंशन लाइन बनी खतरा
ग्रामीणों के अनुसार श्री साह के घर के आंगन के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन को अस्थायी रूप से बांस के सहारे टिकाया गया है. तेज हवा, बारिश या बांस के कमजोर पड़ने की स्थिति में तार टूटने या नीचे झुकने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
घर के आंगन में बच्चों और महिलाओं का रोजाना आना-जाना रहता है. बरसात के मौसम में खतरा और बढ़ गया है. परिवार के लोग हर समय अनहोनी की आशंका के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं.
कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
पीड़ित श्री साह ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत कराया. हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने या स्थायी व्यवस्था करने की मांग भी की गई, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
ग्रामीणों ने विभाग को चेताया
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी.
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल जांच कर हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने तथा बांस के सहारे चल रही अस्थायी व्यवस्था को हटाकर स्थायी समाधान करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय जनहित में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए.
