जहानाबाद में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, इंजन के नीचे दबने से मौके पर गई जान

Jehanabad tractor accident: जहानाबाद जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. मुर्गीयाचक-माधोपुर मार्ग पर मिट्टी लादकर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. चालक ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

Jehanabad tractor accident: जिले के घोसी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा मुर्गीयाचक–माधोपुर सड़क पर माधोपुर गांव से उत्तर उस समय हुआ, जब मिट्टी ढुलाई कर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब जाने से चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

इंजन के नीचे दबने से हुई चालक की मौत

मृतक की पहचान मुर्गीयाचक नगर पंचायत के वार्ड संख्या-19 निवासी स्वर्गीय दुखन दास के 38 वर्षीय पुत्र उमेश दास के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार उमेश दास ट्रैक्टर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और मजदूरी के तौर पर मिट्टी ढुलाई का कार्य करते थे.

जानकारी के अनुसार उमेश दास माधोपुर गांव के समीप से ट्रैक्टर पर मिट्टी लादकर घोसी की ओर गए थे. मिट्टी गिराकर वह दोबारा माधोपुर मिट्टी लाने लौट रहे थे. इसी दौरान माधोपुर गांव से उत्तर सड़क पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और इंजन के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, तब तक हो चुकी थी मौत

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और चालक को बचाने का प्रयास किया. हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने घोसी थाना पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है.

ट्रैक्टर मालिक और दस्तावेजों की भी होगी जांच

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर किसका है और मिट्टी ढुलाई का कार्य किसके निर्देश पर किया जा रहा था. ट्रैक्टर मालिक और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उमेश दास की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. घटना के बाद मुर्गीयाचक और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

Also Read: 'दोषियों को फांसी हो', बंटी यादव के परिजनों से मिले पप्पू यादव, बोले- हम मजबूती से परिवार के साथ हैं



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >