Jehanabad News: शकुराबाद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मारपीट की घटनाओं को लेकर तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है.
कंकटबिगहा में महिला से मारपीट का आरोप
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि कंकटबिगहा गांव में घरेलू विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. इस संबंध में किरण देवी ने अपने देवर रविरंजन दास और उसकी पत्नी दौलती देवी के विरुद्ध गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.
जमीन विवाद में हुई मारपीट, युवक घायल
रुस्तमचक गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. घटना में रामवृक्ष यादव घायल हो गए, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया. मामले में घायल के पुत्र रंजन कुमार ने अपने चचेरे भाई प्रवीण कुमार सहित तीन लोगों के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की नीयत से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पूजा को लेकर विवाद, महिला हुई घायल
दयालचक गांव में घरेलू विवाद के दौरान मारपीट की एक अन्य घटना सामने आई है. इस मामले में जमनी देवी ने कबूतरी देवी सहित तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है.
आवेदन में उन्होंने बताया है कि वह अपने घर पूजा करने आई थीं. इसी दौरान आरोपियों ने यह कहते हुए विवाद शुरू कर दिया कि वह केवल पूजा के समय ही घर आती हैं. बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और बाद में मारपीट की घटना हो गई, जिसमें जमनी देवी घायल हो गईं. उनका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया.
पुलिस कर रही जांच
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
