Jehanabad News: ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में गुरुवार को श्रावणी मेला का भव्य शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर जहानाबाद के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास तथा जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इसके बाद अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव की महिमा पर आधारित आकर्षक शिव तांडव की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.
मंत्रियों ने की बाबा सिद्धेश्वर नाथ की पूजा
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया. इस दौरान राज्य और जिले की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई. इसके पश्चात उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया.
फीता काटकर हुआ मेले का उद्घाटन
कार्यक्रम का समापन बिहार गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ. इसके बाद फीता काटकर श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन किया गया. अतिथियों ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए श्रावणी मेला के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की.
बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता अनिल कुमार, डीआरडीए निदेशक डॉ. रोहित कुमार मिश्रा, एनआरपी निदेशक डॉ. सुदर्शन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे. समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया.
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
जिला प्रशासन ने बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन करें. प्रशासन की ओर से बताया गया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं.
