अंबेडकर छात्रावास में गंदगी और अव्यवस्था देख भड़के मंत्री, जिला कल्याण पदाधिकारी को लगायी फटकार

बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने जहानाबाद अंबेडकर कल्याण छात्रावास का औचक निरीक्षण किया. छात्रों की शिकायतों पर उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया.

Jehanabad News : जहानाबाद में बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने सोमवार को जहानाबाद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान छात्रावास में रह रहे छात्रों ने मंत्री से मिलकर वहां व्याप्त समस्याओं की जानकारी दी. छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद जिला कल्याण पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगायी.

छात्रों ने गिनायीं कई समस्याएं

छात्रों ने मंत्री को बताया कि छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है. शौचालय में गंदगी, पेयजल की गुणवत्ता, बिजली की समस्या, पुस्तकालय में पुस्तकों की कमी और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति से भी छात्रों को परेशानी हो रही है. छात्रों ने कहा कि उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम

शिकायतों पर मंत्री संजय पासवान ने जिला कल्याण पदाधिकारी को छात्रावास की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित अवधि में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी.

बाबा साहब के नाम पर बने छात्रावास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मंत्री ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने छात्रावास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. छात्रों को बेहतर भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरा शौचालय, पर्याप्त बिजली और पुस्तकालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है.

काको मोड़ पर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

इधर, मंत्री संजय पासवान के जहानाबाद पहुंचने पर काको मोड़ के समीप लोजपा (रा) के जिलाध्यक्ष प्रिन्स कुमार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. कार्यकर्ताओं ने मंत्री को फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रानी कुमारी, जिला उपाध्यक्ष सबितानंद शर्मा, जिला महासचिव अरविंद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष पंकज कुमार, जिला सचिव मुन्ना शर्मा, पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय पासवान, खुर्शीद रशीद, पवन पासवान, रामानुज पासवान, संतोष शर्मा, सनी चौहान, भार्गव कुमार, अनुज सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >