जहानाबाद में 40 लाख की रंगदारी का मामला, स्कूल डायरेक्टर से 15 तो मकान मालिक से 25 लाख की मांग

जहानाबाद में 40 लाख की रंगदारी का मामला गरमाया. स्कूल निदेशक और मकान मालिक को धमकी भरे पत्र मिले, जिसमें 15 लाख और 25 लाख की मांग की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जहानाबाद. शहर में टीपीसी बिश्नोई गैंग के नाम पर डाक से 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. एक पत्र सूर्य वर्चस स्कूल के निदेशक मनीष कुमार को भेजा गया है, जबकि दूसरा उसी मकान के मालिक और व्यवसायी प्रवीण कुमार शर्मा को मिला है. दोनों से क्रमशः 15 लाख और 25 लाख रुपये की मांग की गयी है.

स्कूल निदेशक को 15 लाख की लेवी का पत्र

सूर्य वर्चस स्कूल के निदेशक मनीष कुमार को 21 सितंबर को मलहचक, कुटिया पर स्थित लोक नगर शाखा के पते पर डाक से धमकी भरा पत्र मिला. पत्र में भेजने वाले ने खुद को टीपीसी बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए मनीष कुमार से 15 लाख रुपये की लेवी मांगी है.

अरिस्टो फार्मा के एमडी के दामाद हैं मनीष

मनीष कुमार देश की प्रतिष्ठित दवा कंपनी अरिस्टो फार्मा के मैनेजिंग डायरेक्टर उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू के दामाद हैं. इस कारण पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है.

स्कूल की छत पर लाल झंडा लगाने का निर्देश

धमकी भरे पत्र में पैसे का इंतजाम होने पर स्कूल की छत पर लाल झंडा लगाने की बात कही गयी है. पत्र में कहा गया है कि इसके बाद गैंग का व्यक्ति आकर रकम वसूल करेगा. पत्र में रंगदारी नहीं देने पर जान-माल को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गयी है.

मकान मालिक से 25 लाख की मांग

इसी पैटर्न पर स्कूल जिस मकान में संचालित हो रहा है, उसके मालिक प्रवीण कुमार शर्मा को भी डाक से पत्र भेजा गया है. ओयना गांव निवासी प्रवीण कुमार इलाके के व्यवसायी हैं. उनसे 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी है.

दोनों पत्रों में एक जैसी लिखावट और धमकी

दोनों पत्र बभना निवासी सहदेव सिंह के नाम से पोस्ट किये गये हैं. पत्रों में लिखावट और धमकी देने का तरीका एक जैसा बताया जा रहा है. इसी आधार पर पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध की जांच कर रही है.

दो प्रतिष्ठित लोगों को निशाना बनाए जाने से दहशत

एक साथ दो लोगों को रंगदारी के लिए धमकी भरे पत्र मिलने के बाद जिले में चर्चा और चिंता का माहौल है. घटना के बाद दोनों परिवारों में भी भय का माहौल बताया जा रहा है.

एसपी ने पीड़ितों से ली जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कोटा किरण ने दोनों पीड़ितों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. नगर थाना में दोनों मामलों को लेकर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने जांच तेज कर दी है.

असली गैंग या नाम का इस्तेमाल, जांच में जुटी पुलिस

एसपी ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी के पीछे वास्तव में टीपीसी बिश्नोई गैंग है या उसके नाम का इस्तेमाल कर कोई स्थानीय गिरोह रंगदारी मांग रहा है.

पत्र और लिफाफे की होगी जांच

पुलिस पत्र और लिफाफे को जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है. साथ ही डाकघर से पत्र भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

अपहरण के बाद मांगी 10 लाख की फिरौती, पुलिस ने पटना में आरोपी के घर के पास से छुड़ाया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अश्विनी कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >