Jehanabad SP News: (अशोक कुमार की रिपोर्ट) गया जिले से स्थानांतरित होकर आए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी कोटा किरण कुमार ने शनिवार को जहानाबाद के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया. पदभार संभालते ही उन्होंने अपराध नियंत्रण, नशे के अवैध कारोबार पर रोक और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के प्रभावी अनुपालन को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया.
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत
नवनियुक्त एसपी कोटा किरण कुमार सबसे पहले समाहरणालय पहुंचे, जहां पुलिस बल की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान एसडीपीओ कृति कमल ने उन्हें पौधा भेंट कर स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला.
अपराध नियंत्रण के लिए बनेगी नई रणनीति
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी ने कहा कि जिले के क्राइम पैटर्न का विश्लेषण कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की रणनीति तैयार की जाएगी. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी.
बालू और शराब माफियाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई
कोटा किरण कुमार ने स्पष्ट किया कि बालू माफिया, शराब माफिया और अन्य संगठित अपराधों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
प्रतिदिन लगेगा जनता दरबार
एसपी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रतिदिन जनता दरबार लगाया जाएगा. जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा.
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान एसडीपीओ कृति कमल, मनीष चंद्र चौधरी समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. नए एसपी के आगमन के साथ जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.
इसे भी पढ़ें : जहानाबाद: बुजुर्ग दंपति के कमरे में कुंडी लगा चोर ले उड़े कीमती सामान, खेत में मिला टूटा बक्सा और बैग, जांच में जुटी पुलिस
