Jehanabad News: (सुनील शर्मा की रिपोर्ट) घोसी गोपालगंज बाजार स्थित श्रीराम शकुंतला मार्केट में सोमवार को बिहार राज्य ऑटो रिक्शा (टेंपू) चालक संघ (ऐक्टू) की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का नेतृत्व बिहार राज्य ऑटो रिक्शा (टेंपू) चालक संघ के महासचिव मुर्तजा अली ने किया, जबकि अध्यक्षता संजय कुमार चन्द्रवंशी ने की. बैठक में घोसी और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में टेंपू चालक उपस्थित हुए और उन्होंने अपनी दैनिक समस्याओं सहित संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की.
नई कमेटी का हुआ गठन
बैठक में सर्वसम्मति से यह बड़ा निर्णय लिया गया कि अब इस संघ को जहानाबाद जिला स्तरीय संगठन का स्वरूप दिया जाएगा. इसका मुख्य उद्देश्य जिले भर के ऑटो रिक्शा एवं टेंपू चालकों की समस्याओं को सामूहिक और संगठित रूप से प्रशासन के सामने उठाना है. इसके साथ ही चालकों की विभिन्न मांगों के समर्थन में जिला स्तरीय आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने का भी निर्णय लिया गया. संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए छह सदस्यीय जिला कमिटी का गठन किया गया, जिसमें:
- संजय कुमार चन्द्रवंशी – जिला महासचिव
- राजकुमार यादव – जिला अध्यक्ष
- शशिभूषण यादव एवं पप्पू कुमार – सचिव
- संजय कुमार – संगठन मंत्री
- संजीव कुमार – कार्यालय सचिव
कमेटी के अन्य पदाधिकारियों को भी संगठन विस्तार की विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
पेट्रोल-CNG की कीमतों में वृद्धि के कारण 5 जून से बढ़ेगा किराया
बैठक में चालकों ने सरकार द्वारा पेट्रोल एवं सीएनजी गैस की कीमतों में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त की. चालकों का कहना था कि मौजूदा किराए में गाड़ी चलाना अब घाटे का सौदा साबित हो रहा है. इस समस्या को देखते हुए संघ ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि आगामी 5 जून 2026 से जहानाबाद-घोसी एवं घोसी-जहानाबाद मुख्य मार्ग पर टेंपू किराए में बढ़ोतरी की जाएगी. इसके अलावा संगठन का दायरा बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे जहानाबाद जिले में व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का भी संकल्प लिया गया.
इस महत्वपूर्ण बैठक में पप्पू कुमार, प्रमोद कुमार, राजीव कुमार, धनंजय कुमार, अमेरिका यादव, परमानंद कुमार, विवेक कुमार, दीपक कुमार, मणिकांत कुमार, सुभाष कुमार सहित दर्जनों टेंपू चालक मुख्य रूप से उपस्थित रहे. सभी चालकों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा अपने हक व हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया.
Also Read: इटाढ़ी के बाद अब चौसा रेलवे फाटक पर भी हमेशा के लिए लटका ताला, 130 की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें
