नगर परिषद जहानाबाद की सशक्त स्थायी समिति के सामने विकास की बड़ी चुनौती, आपसी खींचतान बनी बाधा

Jehanabad News: नगर परिषद जहानाबाद में सशक्त स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों के सामने विकास की चुनौती है. नाले, सफाई, लाइट समस्या और आपसी खींचतान के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है.

Jehanabad News: (संजय अनुराग की रिपोर्ट) नगर परिषद जहानाबाद में नवनिर्वाचित सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के सामने शहर के विकास को गति देने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. लगभग साढ़े चार साल के कार्यकाल के बाद भी शहर में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाने से नागरिकों में नाराजगी है. नालियों की बदहाल स्थिति, जाम नाले, ओवरफ्लो करती गंदगी और खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

विकास कार्यों में लापरवाही और आपसी खींचतान बनी बाधा

नगर परिषद में सफाई एजेंसी की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं. कई बार एजेंसी को हटाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका. इसके अलावा, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद शहर में लाइटों की खरीद नहीं हो सकी है, जिससे कई इलाकों में अंधेरा पसरा रहता है.

बोर्ड की बैठकों में विकास कार्यों को लेकर लगातार हंगामा और आपसी विवाद की स्थिति बनी रही है. मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी के बीच टकराव और खींचतान के कारण कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अमल नहीं हो पाया है. यहां तक कि विवाद बढ़कर मारपीट और एफआईआर दर्ज होने तक पहुंच चुका है.

सशक्त स्थायी समिति की भूमिका अहम

नवनिर्वाचित सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों पर अब शहर के विकास की दिशा तय करने की जिम्मेदारी है. समिति की संरचना पांच सदस्यों की होती है, जिसमें मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद पदेन सदस्य होते हैं, जबकि तीन सदस्य चुनाव के माध्यम से चुने जाते हैं.

बहुमत के लिए तीन सदस्यों की सहमति आवश्यक होती है. किसी भी विकास प्रस्ताव को सशक्त समिति में पारित होने के बाद बोर्ड की बैठक में मंजूरी दी जाती है. ऐसे में अब इस समिति की कार्यकुशलता ही शहर के विकास की गति तय करेगी.

विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीदें

नवनिर्वाचित सदस्यों ने भरोसा जताया है कि वे सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. उनका कहना है कि मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी के साथ मिलकर शहर की समस्याओं का समाधान किया जाएगा.

सदस्य संजय कुमार यादव ने कहा कि बोर्ड में पास कई एजेंडे अब तक लंबित हैं, जिन्हें पूरा करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पक्षों से सहयोग की अपील की.

संजीव कुमार उर्फ बबलू ने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को एक साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही एजेंडा तैयार कर बैठक बुलाई जाएगी.

रश्मि कुमारी ने कहा कि शहर में गंदगी, जाम नाले और खराब लाइट व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या है. इन मुद्दों पर सशक्त समिति में ठोस निर्णय लिए जाएंगे और विकास कार्यों को गति दी जाएगी.

नगर परिषद जहानाबाद के लिए आने वाला समय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि सशक्त स्थायी समिति, मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तो शहर में विकास कार्यों को नई दिशा मिल सकती है, अन्यथा पुरानी समस्याएं बनी रह सकती हैं.

Also Read: भारी संख्या में राबड़ी आवास पहुंची पुलिस की टीम, पूर्व सीएम ने कहा था- सम्राट चौधरी फोर्स भेजकर खाली करवा लें बंगला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >