Jehanabad News: (अविनाश कुमार की रिपोर्ट) जहानाबाद जिले के रतनी प्रखंड क्षेत्र स्थित नोआवां गांव में बीती रात एक किराना दुकान में अचानक आग लग जाने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना में दुकान में रखा किराना सामान, जूता-चप्पल, कपड़ा, हार्डवेयर समेत कई प्रकार की सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने से करीब 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.
रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे दुकानदार
जानकारी के अनुसार नोआवां गांव निवासी अमर साव गांव में ही किराना दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. दुकान में किराना सामान के अलावा जूता-चप्पल, कपड़े और हार्डवेयर का सामान भी रखा जाता था, जिससे उनकी अच्छी आमदनी होती थी. प्रतिदिन की तरह वह दुकान बंद कर जहानाबाद स्थित अपने मकान पर चले गए थे.
ग्रामीणों ने देखा धुआं, फिर मच गया हड़कंप
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे दुकान के गेट से धुआं निकलता देख ग्रामीणों को शक हुआ. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक दुकान से आग की तेज लपटें निकलने लगीं. आग की भयावह स्थिति देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और तत्काल इसकी सूचना दुकान मालिक अमर साव को दी.
ग्रामीणों और दमकल की मदद से पाया गया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अमर साव जहानाबाद से गांव पहुंचे. इधर ग्रामीणों ने समरसेबल चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. साथ ही शकूराबाद थाना और दमकल विभाग को भी सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
दुकानदार अमर साव ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ: Jehanabad News: घोसी में दर्दनाक सड़क हादसा
